बुरहानपुर — नेपानगर विधायक मंजू दादू की शिकायत पर बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के बालाजी हॉस्पिटल पर छापा मारा। आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ियों की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।
सीएमएचओ डॉ. राजेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल में अचानक पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान टीम ने ओपीडी, आईसीयू और मरीजों से संबंधित दस्तावेजों सहित अस्पताल के संचालन से जुड़ी कई फाइलों की बारीकी से पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में आयुष्मान कार्डधारक मरीजों से धोखाधड़ी और अनियमित बिलिंग के मामले सामने आए हैं।
डॉ. राजेन्द्र वर्मा ने बताया कि अस्पताल में गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर कलेक्टर को सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छापे की जानकारी मिलते ही जिले के स्वास्थ्य महकमे में अफरा-तफरी मच गई। वहीं अस्पताल संचालक अक्षय दलाल मीडिया के सवालों से बचते नजर आए।
Read More : MP News : विदिशा में लोकतंत्र सेनानी सम्मेलन: शिवराज सिंह चौहान ने किया स्मारिका विमोचन
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













