Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Pandit Pradeep Mishra News : कुबेरेश्वर धाम में ‘सेवा’ का नया अध्याय:...

Pandit Pradeep Mishra News : कुबेरेश्वर धाम में ‘सेवा’ का नया अध्याय: निशुल्क आधुनिक चिकित्सालय का शुभारंभ; मंत्री विश्वास सारंग और पंडित प्रदीप मिश्रा ने किया उद्घाटन

Pandit Pradeep Mishra News : सीहोर। देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में अब स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार हुआ है। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अपने पिता स्वर्गीय पंडित रामेश्वर दयाल मिश्रा की पावन स्मृति में निर्मित सर्व-सुविधायुक्त निशुल्क प्राथमिक चिकित्सालय का आज विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह चिकित्सालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जहाँ अब धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आस-पास के ग्रामीणों को भी तत्काल और निशुल्क स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। अस्पताल में आईसीयू (ICU) जैसी आपातकालीन सेवाओं की शुरुआत की गई है, जिससे किसी भी गंभीर स्थिति में मरीज को बड़े शहर ले जाने से पहले प्राथमिक और महत्वपूर्ण उपचार मौके पर ही उपलब्ध कराया जा सकेगा। मंत्री विश्वास सारंग ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सेवा और अध्यात्म का अद्भुत संगम बताया।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि धाम पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर अब भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने बताया कि यह केंद्र उनके पिता की स्मृति में समर्पित है और इसका उद्देश्य केवल सेवा भाव है। उद्घाटन के दौरान पंडित मिश्रा ने आगामी रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियों को लेकर भी जानकारी साझा की और बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में सीहोर विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर सहित कई वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ज्ञात हो कि कुबेरेश्वर धाम में पहले से ही निशुल्क एंबुलेंस सेवा संचालित की जा रही है, और अब इस आधुनिक अस्पताल के शुरू होने से सीहोर के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी यह एक बड़ा वरदान साबित होगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here