MP News : कटनी: मध्यप्रदेश के कटनी जिले में मंगलवार शाम एक बड़ी अग्निकांड की घटना सामने आई है। कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत लमतरा स्थित महालक्ष्मी राइस मिल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि मिल में रखे बारदाने (धान की बोरियां) में भीषण आग लग गई और सब कुछ जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं से घिर गया। लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का प्रयास जारी था, और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राइस मिल के कर्मचारियों और आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। अभी तक नुकसान का पूरा आंकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का बारदाना और कच्चा माल जल चुका है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राइस मिल में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे आग पर काबू पाने में देर हुई।











