MP Congress Poster War : भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) मुख्यालय के बाहर आज सुबह लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। यह पोस्टर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समर्थकों द्वारा लगाया गया है, जिसमें पार्टी की ही महिला नेता निधि चतुर्वेदी को सीधे तौर पर निशाने पर लिया गया है।
क्या लिखा है पोस्टर में?
दिग्विजय सिंह के समर्थकों ने काव्यात्मक अंदाज में निधि चतुर्वेदी पर तंज कसते हुए पोस्टर पर लिखवाया है:
“उंगलियां छोटी पड़ गई कि नाखून इतने बढ़ गए, कुछ जुगनुओं (निधि चतुर्वेदी) के काफिले सूरज (दिग्गी राजा) के पीछे पड़ गए।”
इस पोस्टर में दिग्विजय सिंह को ‘सूरज’ और निधि चतुर्वेदी को ‘जुगनू’ बताकर उनकी तुलना की गई है, जो पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष को दर्शाता है।
विवाद की जड़: RSS वाला X पोस्ट
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब दिग्विजय सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट साझा किया था। कांग्रेस नेता निधि चतुर्वेदी ने इस पोस्ट पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए थे और अपनी ही पार्टी के दिग्गज नेता की घेराबंदी की थी। इसी से नाराज होकर ‘दिग्गी राजा’ के समर्थकों ने अब मोर्चा संभाल लिया है।
गुटबाजी से परेशान आलाकमान?
नए साल की शुरुआत में ही पीसीसी दफ्तर के बाहर इस तरह की पोस्टरबाजी ने कांग्रेस संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहाँ पार्टी आगामी चुनौतियों के लिए रणनीति बनाने में जुटी है, वहीं नेताओं के बीच की यह ‘तू-तू मैं-मैं’ भाजपा को हमला करने का मौका दे रही है।













