भोपाल: मध्य प्रदेश में सर्दी का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से गिरने के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भीषण शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात से तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिसके चलते सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है।
सात संभागों में शीतलहर की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के सात संभागों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। ठंडी हवाओं और खुले आसमान के कारण रात के समय ठंड और ज्यादा बढ़ गई है, जिससे लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं।
Read More : Big News : रूस का कीव पर भीषण ड्रोन अटैक, 4 की मौत; रिहायशी इलाकों और शॉपिंग सेंटर में लगी आग
खजुराहो बना सबसे ठंडा इलाका
प्रदेश में इस समय खजुराहो सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके अलावा रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री और नौगांव व शिवपुरी में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उमरिया में 5.4 डिग्री और पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
घने कोहरे से बढ़ी परेशानी
सुबह के समय भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने के कारण कई इलाकों में यातायात की रफ्तार धीमी रही।
स्वास्थ्य और सतर्कता की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह और देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करने की अपील की गई है। आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।













