MP BREAKING : भोपाल। जिला न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान रेप आरोपी की वकीलों द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ओसाफ अली पर 11वीं कक्षा की छात्रा को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म करने का आरोप है।
कोहेफिजा थाना पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करने लाई थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में मौजूद कुछ वकीलों ने आरोपी की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो जिला कोर्ट के अंदर का बताया जा रहा है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
MP BREAKING : इंदौर–भोपाल हाईवे पर सात ब्लैक स्पॉट, तीन साल में 65 से ज्यादा मौतें, नागरिकों ने आंदोलन की दी चेतावनी
इंदौर–भोपाल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मार्ग पर सात स्थानों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में इंदौर–भोपाल मार्ग पर 65 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। औसतन हर साल 10 से 11 लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद इन ब्लैक स्पॉट्स पर अब तक आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू नहीं किए गए हैं।
अमलाहा चौराहा क्षेत्र लगातार दुर्घटनाओं के कारण सुर्खियों में बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस लापरवाही को लेकर नागरिकों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। नागरिकों ने प्रशासन से ब्लैक स्पॉट्स पर संकेतक, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक निगरानी व्यवस्था तुरंत लागू करने की मांग की है। हाईवे पर बढ़ते हादसे अब केवल आंकड़े नहीं रह गए हैं, बल्कि यह प्रशासनिक उदासीनता का गंभीर संकेत बनते जा रहे हैं।
MP BREAKING : भोपाल में पुलिस विभाग के भीतर विवाद, एसआई ने भोपाल देहात एसपी पर लगाए गंभीर आरोप
भोपाल। राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग के भीतर एक बड़ा विवाद सामने आया है। भोपाल देहात पुलिस अधीक्षक के खिलाफ एक सब-इंस्पेक्टर द्वारा गंभीर आरोप लगाए जाने से विभाग में हड़कंप मच गया है।
सूखीसेवनिया थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र यादव ने भोपाल देहात के पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। एसआई का आरोप है कि एसपी कार्यालय में बुलाकर उनके साथ गाली-गलौज की जाती है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।
शिकायत में एसआई ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें यह कहकर धमकाया गया कि यदि कुछ होता है तो उनकी शिकायत को ही सुसाइड नोट समझा जाए। इन आरोपों के बाद पुलिस विभाग के भीतर आंतरिक विवाद खुलकर सामने आ गया है।
सब-इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र यादव ने इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। वहीं, शिकायत सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।फिलहाल इस पूरे मामले पर भोपाल देहात पुलिस अधीक्षक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
MP BREAKING : वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार बाइक का आतंक, पुलिस ने राइडर्स को किया गिरफ्तार
भोपाल। वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार बाइक चलाकर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। लापरवाही से बाइक दौड़ा रहे राइडर्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई सूबेदार जितेंद्र अटेरिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने आरोपियों को करोंद क्षेत्र से गिरफ्तार कर तलैया थाना के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार वीआईपी रोड पर पहले एक बाइक संदिग्ध हालत में खड़ी दिखाई दी थी। कुछ ही देर बाद वही बाइक अचानक तेज रफ्तार में दौड़ती नजर आई। बाइक की रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को देखकर सड़क पर चल रहे राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और बाइक राइडर्स को पकड़ लिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











