MNS’s ‘Night Raid’ in Raigad : पनवेल| राज ठाकरे के तीखे बयान के कुछ ही घंटे बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने रायगढ़ जिले में पनवेल स्थित ‘नाइट राइडर’ बार पर शनिवार देर रात धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि यह बार कानूनी समय सीमा के बाद भी संचालन में था, जिसे लेकर मनसे कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जमकर लाठी-डंडों से तोड़फोड़ की।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि करीब एक दर्जन मनसे कार्यकर्ता, हाथों में लाठी और डंडे लिए हुए ‘नाइट राइडर’ बार में दाखिल हुए और वहां दारू की बोतलें फोड़ीं, फर्नीचर को तहस-नहस कर दिया और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया।
वीडियो में यह हमला पूरी तरह संगठित और उद्देश्यपूर्ण प्रतीत होता है।
इस घटना से कुछ घंटे पहले, राज ठाकरे ने रायगढ़ की एक रैली में कहा था—
“रायगढ़ में इतने डांस बार कैसे खुल गए? ये बंद हुए थे ना? अब फिर से कौन चला रहा है? सिर्फ मराठी लोग नहीं हैं इसमें… आपको यहां से हटाकर डांस बारों की आदत डालकर फंसाया जा रहा है… यह छत्रपति शिवाजी महाराज की राजधानी है!”
राज के इस भाषण को ‘एक्शन कॉल’ के रूप में देखा जा रहा है, जिसके कुछ ही देर बाद यह हमला हुआ।
मनसे का पक्ष: “यह प्रतीकात्मक विरोध था”
घटना के बाद मनसे नेता संदीप देशपांडे ने बयान जारी कर कहा—
“यह प्रतीकात्मक विरोध था। अवैध बारों पर तुरंत कार्रवाई जरूरी थी। सरकार सो रही है और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। हमें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा।”
पनवेल पुलिस ने मौके से CCTV फुटेज ज़ब्त कर लिए हैं और वीडियो की फॉरेंसिक जांच शुरू हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, बार मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।











