Thursday, September 10, 2026
Home Madhya Pradesh Mauganj News: मऊगंज में शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सड़क न होने...

Mauganj News: मऊगंज में शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सड़क न होने से गर्भवती महिला ने 1.2 किमी पैदल तय किया सफर, एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंची

Mauganj News: मऊगंज। मध्य प्रदेश सरकार जहां गांव-गांव तक सड़क, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं मऊगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र से सामने आई एक तस्वीर ने इन दावों की हकीकत उजागर कर दी है। पिडारिया ग्राम पंचायत के सरबरा गांव में सड़क नहीं होने के कारण एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचने के लिए करीब 1.2 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। इस दौरान महिला को परिजन सहारा देकर कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

दर्द में तड़पती रही महिला, रास्ता बना सबसे बड़ी मुश्किल

ग्रामीणों के अनुसार, महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण वाहन अंदर नहीं आ सका। मजबूरी में गर्भवती महिला को पैदल ही गांव से बाहर तक ले जाना पड़ा। बारिश के कारण रास्ता फिसलन भरा था और जगह-जगह पानी भरा हुआ था, जिससे महिला को चलने में भारी परेशानी हुई।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। गांव में बीमार मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अक्सर इसी तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

Bhopal Police: भोपाल में नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई 300 पुलिसकर्मियों ने इतवारा में मारा छापा, तहखानों और कपड़ों में छिपा मिला गांजा

बारिश में कट जाता है गांव का संपर्क

Mauganj News: सरबरा गांव तक जाने वाला रास्ता कच्चा है, जो बरसात में दलदल में बदल जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार तो मोटरसाइकिल तक गांव में नहीं पहुंच पाती। ऐसे में आपातकालीन स्थिति में मरीजों को चारपाई या कंधे के सहारे बाहर लाना पड़ता है।स्कूली बच्चों को भी रोजाना इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। बरसात के दिनों में कई बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।

वर्षों से सड़क की मांग, अब तक सिर्फ आश्वासन

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार पंचायत, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव के समय सड़क बनाने के वादे किए जाते हैं, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।लोगों का कहना है कि गांव में सड़क बन जाए तो स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और रोजमर्रा की आवाजाही काफी आसान हो जाएगी।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा आक्रोश

गर्भवती महिला के पैदल अस्पताल जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग सरकार और प्रशासन से सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर आजादी के इतने वर्षों बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं क्यों नहीं पहुंच पाई हैं।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Rewa Lokayukta: रीवा में जल संसाधन विभाग का बाबू ₹4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, पेंशन बनाने के नाम पर मांगे थे ₹7 हजार

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

Mauganj News: ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सरबरा गांव तक तत्काल पक्की सड़क बनाई जाए और बारिश के मौसम को देखते हुए अस्थायी वैकल्पिक मार्ग की भी व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि सड़क सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि गांव के लोगों के लिए जीवन और मौत का सवाल बन चुकी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here