Mann Ki Baat : गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 129वां एपिसोड रविवार को बिलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक सुना गया। नगर विधायक अमर अग्रवाल के दिशा-निर्देशानुसार वार्ड क्रमांक 35, जूना बिलासपुर स्थित सत्संग भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। वर्ष 2025 के इस अंतिम एपिसोड में प्रधानमंत्री ने साल भर की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति सचेत करते हुए एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताई और नागरिकों से डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लेने का आग्रह किया। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जिक्र करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया। खेलों के क्षेत्र में भारत की प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने पुरुष क्रिकेट टीम द्वारा आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने और महिला टीम द्वारा पहली बार वर्ल्ड कप अपने नाम करने की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाठक, पार्षद शिव प्रताप साव सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













