Raisen bridge collapse : रायसेन। रायसेन जिले की बरेली तहसील में बरेली-पिपरिया स्टेट हाइवे पर स्थित नयागांव पुल का हिस्सा गिरने से हुए हादसे में एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
पुल ढहा, नदी में गिरे मोटरसाइकिल सवार
यह हादसा तब हुआ जब जर्जर हो चुके पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक नदी में नीचे जा गिरे। हादसे में घायल हुए चारों युवकों को तुरंत इलाज के लिए बरेली सिविल अस्पताल भेजा गया, जहाँ एक घायल की मौत की पुष्टि हुई है।
MPRDC की लापरवाही आई सामने
हादसे के बाद मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) की घोर लापरवाही सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल पिछले कई दिनों से जर्जर हालत में था, इसके बावजूद MPRDC ने इसे ठीक करने या नया बनाने के बजाय, जर्जर पुल पर ही नई सड़क डाल दी थी। आरोप है कि पुल की स्थिति गंभीर होने के बावजूद विभाग कुंभकर्णी नींद में सोता रहा, जिसका परिणाम यह जानलेवा हादसा है।
Raisen bridge collapse : हादसे के वक्त पुल के नीचे मरम्मत का काम भी चल रहा था और कई मजदूर मौजूद थे। गनीमत रही कि पुल गिरते देख मजदूर तुरंत भाग गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन के अधिकारी और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँच गए हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












