इंदौर। Indore Festive News: दीपावली खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ त्योहार मनाने का पावन पर्व है। इसी मानवीय और संवेदनशीलता से भरी भावना के साथ इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा राजकीय बाल संरक्षण आश्रम में रहने वाली बच्चियों के बीच पहुंचे। कलेक्टर अपने साथ आश्रम की बच्चियों के लिए मिठाइयां, उपहार और पटाखे लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बच्चियों के साथ न केवल दीपावली की खुशियां साझा कीं, बल्कि उनके साथ बैठकर आतिशबाजी का भी आनंद लिया।
आश्रम परिसर में कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चियों से मुलाकात की और उनके साथ काफी समय बिताया। इसके बाद आतिशबाजी के दौरान बच्चियों के साथ मिलकर फुलझड़ियां और अनार जलाए। कलेक्टर को अपने बीच पाकर और उनके साथ पटाखे जलाकर आश्रम की बच्चियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पूरे बाल संरक्षण आश्रम में हंसी, उल्लास और त्योहारी उत्साह का माहौल नजर आया। मिठाइयां और उपहार पाकर बच्चियों ने अपनी खुशी जाहिर की और इस पल को यादगार बताया।
इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि दीपावली का वास्तविक आनंद समाज के हर वर्ग और विशेषकर इन बच्चों के साथ खुशियां बांटने में है। उनकी इस आत्मीय पहल ने आश्रम की बच्चियों के चेहरों पर दीपावली की सच्ची मुस्कान बिखेर दी और पूरा परिसर आतिशबाजी की रोशनी से जगमगा उठा।
