दिवाली नजदीक आते ही घर की सफाई और सजावट शुरू हो जाती है। अलमारी से लेकर किचन और स्टोर रूम तक हर कोने को व्यवस्थित किया जाता है। इस दौरान अक्सर ऐसी चीजें भी मिलती हैं, जिन्हें लोग सालों से बिना इस्तेमाल किए संभालकर रखते हैं। आइए जानते हैं ऐसी चीजें, जिन्हें दिवाली की सफाई के दौरान छांट सकते हैं।
टूटे-फूटे बर्तनों को किचन से करें बाहर
किचन में रखे चटके हुए कप, टूटी प्लेट और किनारे से टूटे बर्तनों को इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, ऐसे बर्तनों को घर में रखना शुभ नहीं माना जाता। इसके अलावा इनमें खाना खाने या रखने से चोट लगने और सफाई में परेशानी होने का खतरा भी रहता है।
मंदिर से खंडित मूर्तियो को करें बाहर
घर के मंदिर में रखी देवी-देवताओं की टूटी मूर्तियों और खराब तस्वीरों को लेकर भी धार्मिक मान्यताएं हैं। इन्हें पूजा में इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है। ऐसी प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक हटाएं। इनके निपटान के लिए स्थानीय धार्मिक परंपरा या नगर निकाय के उचित संग्रह केंद्र की जानकारी लें। इन्हें सीधे नदी या तालाब में डालने से बचें।
बंद घड़ी और खराब उपकरणों को हटाएं
अगर घर में लंबे समय से बंद पड़ी घड़ी रखी है, तो उसे ठीक करवाएं या हटा दें। इसी तरह खराब पड़े बिजली के उपकरणों को भी यूं ही जमा न करें। जो सामान मरम्मत के लायक है, उसे ठीक करवाएं और बाकी को ई-वेस्ट कलेक्शन सेंटर पर दें।
जूता और रद्दी कागजो को करें बाहर
पुराने और फटे जूते-चप्पल अगर इस्तेमाल के लायक नहीं हैं, तो उन्हें अलग कर दें। अलमारी में जमा पुराने अखबार, बेकार फाइलें और कागज भी छांट लें। जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखें और बाकी कागजों को रीसाइक्लिंग के लिए दें।
खाली डिब्बों को घर से निकाले बाहर
किचन और स्टोर रूम में रखे खाली मिठाई के डिब्बे, प्लास्टिक कंटेनर और बेकार पैकिंग का सामान भी जगह घेरता है। इसके अलावा बच्चों के टूटे खिलौने और घर के कोनों में जमा बेकार सामान भी हटा दें। इससे सफाई आसान होगी और घर अधिक खुला व व्यवस्थित नजर आएगा।
दिवाली से पहले ऐसी चीजें छांटने से घर में जगह बनेगी और रोजमर्रा का सामान व्यवस्थित रहेगा। नकारात्मक ऊर्जा से जुड़ी बातें धार्मिक मान्यताओं का हिस्सा हैं, जबकि साफ-सुथरा घर रखना स्वास्थ्य और सुविधा के लिहाज से भी फायदेमंद है।