Korba News : कोरबा : दुष्कर्म की एक पीड़िता ने बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ हवलदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता का आरोप है कि हवलदार ने उसके चरित्र पर सवाल उठाए, गाली-गलौज की और उसे धमकाया।
Korba News : पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान मोबाइल फोन के जरिए बलगी निवासी विनोद कश्यप (21 वर्ष) से हुई थी। दोनों के बीच पहले दोस्ती और फिर प्रेम संबंध बने। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया।
Korba News : पीड़िता की शिकायत पर 12 नवंबर 2025 को बांकीमोंगरा थाना में विनोद कश्यप के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया। हालांकि पीड़िता का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
Korba News : मामले की स्थिति जानने के लिए पीड़िता 10 दिसंबर को बांकीमोंगरा थाना पहुंची थी। वहां उसकी मुलाकात थाना में पदस्थ हवलदार राजेश कंवर से हुई। पीड़िता का आरोप है कि हवलदार ने उसे ही दोषी ठहराते हुए कहा कि उसके कई लोगों से संबंध हैं और पहले खुद पर ध्यान देने की सलाह दी।
Korba News : पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि हवलदार ने आरोपी की गिरफ्तारी से पहले उसे ही उल्टे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी विनोद कश्यप को न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। हवलदार के कथित व्यवहार से आहत होकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
Korba News : इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में कार्रवाई में देरी और पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और पुलिसकर्मी पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।











