Sukma Paddy Seized News : कृष्णा नायक – सुकमा/कोंटा। जिले में धान के अवैध व्यापार और अंतर्राज्यीय परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पिछले चार दिनों के भीतर कोंटा अनुभाग में हुई अलग-अलग कार्रवाइयों ने बिचौलियों की कमर तोड़ दी है। एसडीएम कोंटा सुभाष शुक्ला के नेतृत्व में अधिकारियों ने कुल 228 कट्टा अवैध धान बरामद कर तीन वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई का विवरण (तीन प्रमुख केस):
-
पुसगुफ़ा रोड (11 जनवरी): बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर में 33 कट्टा मोटा धान ले जाते हुए उइका भीमा (गोरखा निवासी) को पकड़ा गया।
-
एर्राबोर मार्ग (11 जनवरी): एक महिंद्रा पिकअप से 70 कट्टा धान जब्त किया गया। चालक सोयम संजू धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
-
बंडा रोड (15 जनवरी की रात): सबसे बड़ी कार्रवाई गुरुवार की आधी रात को हुई। मुचाकी गोपी (चिंतूर निवासी) द्वारा बिना नंबर के ट्रैक्टर में ले जाया जा रहा 125 कट्टा धान प्रशासन ने घेराबंदी कर पकड़ा।

अधिकारियों की टीम रही मुस्तैद: इस पूरी मुहिम में तहसीलदार गिरीश निंबालकर, टीआई सलीम खाखा और खाद्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंडी अधिनियम 1972 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की चेतावनी: एसडीएम सुभाष शुक्ला ने कहा कि जिले की सीमाओं पर निगरानी और बढ़ा दी गई है। किसानों के नाम पर बिचौलियों द्वारा धान खपाने की कोशिश को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।













