निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज परिसर में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे और सीधे इंटरव्यू के जरिए चयन किया जाएगा।
980 पदों पर भर्ती, ट्रेनिंग के बाद नियुक्ति
इस मेगा प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 980 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को नियोजक संस्थाओं द्वारा निर्धारित अवधि का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद उन्हें संबंधित कार्यस्थल पर नियोजन प्रदान किया जाएगा।
किन पदों पर मिलेगी नौकरी
एलएंडटी कंपनी द्वारा निर्माण कार्यों के लिए बढ़ई, राजमिस्त्री, बार बेंडिंग, स्टील फिक्सिंग और इलेक्ट्रिकल के लगभग 50-50 पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए कार्यस्थल पनवेल (मुंबई) निर्धारित किया गया है। न्यूनतम योग्यता 10वीं पास, आयु सीमा 18 से 35 वर्ष रखी गई है। प्रशिक्षण के बाद लगभग 16 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन और आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं लिविवान सॉल्यूशन प्रा. ली. द्वारा एसेम्बली ऑपरेटर, प्रोडक्शन क्वालिटी और प्रशिक्षणार्थी सहित विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए योग्यता 10वीं से आईटीआई/डिप्लोमा, आयु सीमा 18 से 30 वर्ष तथा कार्यस्थल चेन्नई (तमिलनाडु) रहेगा। चयनित अभ्यर्थियों को आवास और भोजन सुविधा भी दी जाएगी।
आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां लेकर निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।
यह प्लेसमेंट कैंप जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।













