Jashpur News : जशपुर : जशपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान एसीबी ने सहायक ग्रेड-02 के पद पर पदस्थ लिपिक गिरीश कुमार वारे को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई विभाग में लंबे समय से अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद की गई।
Jashpur News : जानकारी के मुताबिक, आरोपी लिपिक पर विभाग में कार्यरत एक भृत्य से कथित ट्रांसफर के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी की टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद जाल बिछाया और भृत्य से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय आरोपी को पकड़ा। बताया गया है कि इससे पहले भी वह ट्रांसफर कराने के नाम पर 30 हजार रुपये वसूल चुका था।
Jashpur News : मामले में यह भी सामने आया है कि शेष रकम नहीं देने पर आरोपी ने भृत्य पर दबाव बनाते हुए उसकी पल्सर बाइक अपने पास रख ली थी। पीड़ित की शिकायत पर एसीबी ने जांच की और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
Jashpur News : छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम ने कार्यालय से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की गतिविधियों में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं या नहीं। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Jashpur News : इस कार्रवाई के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग सहित पूरे जिला प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













