Janjgir Champa Road Accident : जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने तेज रफ्तार ब्रेजा कार से पहले एक पैदल यात्री को जोरदार टक्कर मारी और फिर एक ऑटो को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पैदल यात्री नारायण सोनवान की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल है।
अत्यधिक नशे में था आरोपी पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 जनवरी की रात करीब 8 बजे भाटापारा केरा रोड पर कब्रिस्तान के सामने हुई। आरोपी चालक अमन गोयल (27 वर्ष), निवासी सूरजपुर, अपनी कार (CG29 F 3765) को नया बस स्टैंड से कचहरी चौक की ओर अत्यंत तेज गति से चला रहा था। चश्मदीदों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक का नियंत्रण पूरी तरह खो चुका था।
कार से मिली शराब की बोतलें घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। डॉक्टरी परीक्षण में आरोपी के शरीर में अल्कोहल की मात्रा अत्यधिक पाई गई। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो वाहन के भीतर से शराब की बोतलें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह नशे में था और जानते हुए भी कि हादसा हो सकता है, वह तेज गति से गाड़ी चला रहा था।
जेल भेजा गया आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।













