Jabalpur News : जबलपुर : प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के लिए चलाई जा रही समाधान योजना के तहत जहां एक ओर बड़े बकायेदारों को 60% से 100% तक की छूट दी जा रही है,वहीं दूसरी ओर लगातार अपील के बावजूद बिल जमा न करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में आज जबलपुर के शास्त्री ब्रिज क्षेत्र स्थित एक व्यवसायिक परिसर में विद्युत विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दुकान पर 50,000 रुपये से अधिक की बकाया राशि थी।
Jabalpur News : विभाग द्वारा दुकान संचालक को दो से तीन बार बिजली बिल जमा करने की अपील की गई थी,लेकिन भुगतान न होने पर यह कदम उठाया गया। विशेष बात यह रही कि यह कार्रवाई गांधीवादी तरीके से की गई — दुकान को सील करने से पहले विभागीय अधिकारियों ने दुकान संचालक को गुलाब का फूल भेंट किया। विद्युत वितरण कंपनी के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर संजय अरोड़ा ने बताया कि “समाधान योजना” के तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है,लेकिन जो उपभोक्ता बार-बार की अपील के बावजूद भुगतान नहीं कर रहे हैं.
Jabalpur News : उनके खिलाफ कुर्की और सीलिंग जैसी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं छोटे बकायेदारों से भी अपील की जा रही है कि वे समय रहते अपने बिजली बिलों का भुगतान कर दें,ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह कार्रवाई न केवल बकायेदारों को चेतावनी है,बल्कि समय पर भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।











