IPL में खत्म होगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम? विराट-रोहित की आपत्ति के बाद हरकत में BCCI

0
70

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL में साल 2023 में शुरू किया गया इम्पैक्ट प्लेयर नियम लगातार चर्चा और विवाद का विषय बना हुआ है। अब इस नियम को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा बयान दिया है। बोर्ड ने साफ किया है कि IPL 2026 के समाप्त होने के बाद इस नियम की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

BCCI सचिव देवजित सैकिया ने कहा है कि पिछले दो वर्षों से इस नियम को लेकर लगातार बहस चल रही है और टूर्नामेंट खत्म होने के बाद इस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौजूदा सीजन के बीच में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।

क्या है इम्पैक्ट प्लेयर नियम?

इम्पैक्ट प्लेयर नियम के तहत कोई भी टीम मैच के दौरान अपनी प्लेइंग इलेवन के एक खिलाड़ी को बदल सकती है। इससे टीमें परिस्थितियों के हिसाब से अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज का इस्तेमाल कर पाती हैं।

इस नियम का मकसद मैचों में रोमांच बढ़ाना था, लेकिन इसके बाद से IPL में हाई स्कोरिंग मुकाबलों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 250 से अधिक रन बनने वाले मैच अब आम होते जा रहे हैं।
Read more : मध्य प्रदेश को जल्द मिलेंगी 5 नई वंदे भारत ट्रेनें, यात्रियों का सफर होगा आसान

गेंदबाजों पर बढ़ा दबाव

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस नियम ने खेल का संतुलन बिगाड़ दिया है। सपाट पिचों और अतिरिक्त बल्लेबाजी विकल्प के कारण गेंदबाजों पर भारी दबाव बन रहा है।

आलोचकों का कहना है कि अब टीमें आसानी से स्पेशलिस्ट बल्लेबाज और गेंदबाज को अलग-अलग इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे ऑलराउंडर खिलाड़ियों की भूमिका कमजोर हुई है।

BCCI ने क्या कहा?

BCCI सचिव देवजित सैकिया ने इस मुद्दे पर कहा,“कुछ मैच कम स्कोर वाले भी रहे हैं और कुछ मुकाबलों में 260 रन तक का सफल पीछा हुआ है। दर्शक मैचों का आनंद ले रहे हैं। यह क्रिकेट का पूरा पैकेज है। लेकिन इस नियम पर चर्चा जारी है और टूर्नामेंट के बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।”उन्होंने आगे कहा कि अगर फ्रेंचाइजियों की तरफ से कोई औपचारिक मांग आती है, तो बोर्ड उस पर विचार करेगा। फिलहाल ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है।

विराट और रोहित पहले ही जता चुके हैं नाराजगी

टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा पहले भी इस नियम का विरोध कर चुके हैं।रोहित शर्मा ने कहा था कि क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है, 12 खिलाड़ियों का नहीं। उनके मुताबिक इस नियम से ऑलराउंडरों का महत्व कम हो रहा है और खेल का प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है।

वहीं विराट कोहली ने भी रोहित का समर्थन करते हुए कहा था कि मनोरंजन जरूरी है, लेकिन क्रिकेट में बैट और बॉल के बीच संतुलन बनाए रखना उससे भी ज्यादा अहम है।

IPL के भविष्य पर असर डाल सकता है फैसला

अगर BCCI समीक्षा के बाद इम्पैक्ट प्लेयर नियम में बदलाव करता है या इसे हटाने का फैसला लेता है, तो IPL की रणनीति और टीम संयोजन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।फिलहाल क्रिकेट जगत की नजरें IPL 2026 के बाद होने वाली इस अहम समीक्षा पर टिकी हुई हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here