Indore News : इंदौर : मानपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी एक कार को जब्त किया है। ग्रामीण डीपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मान-इलेवन रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक लाल रंग की आई-20 कार तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक गाड़ी भगाते हुए आगे निकल गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, तो आरोपी सुनसान रास्ते पर कार छोड़कर फरार हो गया।
Indore News : पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें 30 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा करीब 360 बल्क लीटर बताई गई है। बरामद कार और शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के तहत मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण डीपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
Indore News : पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के व्यापार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी और कानून व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस को मजबूती मिलेगी।











