इंदौर। नारकोटिक्स विंग इंदौर ने अंतर्राज्यीय नशीली दवाओं के तस्करों के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 6 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की अवैध मादक सामग्री जब्त की है।
पहले मामले में उज्जैन के हरि फाटक इलाके से आरोपी मुश्ताक पिता अल्लाह नूर मंसूरी (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 20 किलो 363 ग्राम अल्फ्राजोलम पाउडर जब्त किया गया। इस पाउडर की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस संबंध में नारकोटिक्स थाने में अपराध क्रमांक 50/25, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।
दूसरे ऑपरेशन में आरोपी राधेश्याम मकवाना पिता शंकरलाल मकवाना (34 वर्ष), ग्राम निपानिया राजू, जिला उज्जैन को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से कुल 407 ग्राम एम.डी. (MD) ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 49/25, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
महेशचंद्र जैन, एआईजी नारकोटिक्स विंग इंदौर के अनुसार, दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये मादक पदार्थ कहाँ से लाए थे और किसे देने वाले थे। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से अवैध मादक पदार्थों के अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर बड़ा अंकुश लगाया गया है।
“इन दोनों मामलों में कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। पूछताछ जारी है और हम नेटवर्क को पूरी तरह पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं।” – महेशचंद्र जैन, एआईजी नारकोटिक्स विंग, इंदौर













