इंदौर: शहर के एरोड्रम नगर थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम नगीन नगर इलाके में उस समय हुआ, जब गोविंद गौर नाम का मासूम पतंग उतारने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ गया।
हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोविंद जैसे ही पोल पर चढ़ा, वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज धमाके के साथ करंट लगा और बच्चा पोल से चिपक गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रेस्क्यू की कोशिशें, वीडियो भी आया सामने
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग बच्चे को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को पोल से नीचे उतारा गया और तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान मौत
डॉक्टरों के अनुसार गोविंद करीब 70 फीसदी झुलस चुका था। गंभीर हालत के चलते उसे आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक गोविंद के पिता मनीष मिस्त्री का काम करते हैं, जबकि मां प्रीति पटेल गृहिणी हैं। परिवार मूल रूप से विदिशा का रहने वाला है और फिलहाल इंदौर में किराए के मकान में रह रहा था।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
गौरतलब है कि इससे पहले धार रोड क्षेत्र में भी 12 साल के बच्चे की हाईटेंशन लाइन से झुलसकर मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बिजली लाइनों की सुरक्षा और नगर प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











