निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के इंदौर से गैस सिलेंडर के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां गैस एजेंसी के ही एक कर्मचारी ने लोगों के भरोसे का फायदा उठाते हुए करीब 30 खाली सिलेंडर लेकर फरार हो गया।
‘नंबर आ गया है’ कहकर किया धोखा
आरोपी कर्मचारी मुकेश ने घर-घर जाकर लोगों से कहा कि उनका गैस सिलेंडर भरवाने का नंबर आ गया है। इस बहाने उसने ग्राहकों से उनके खाली सिलेंडर ले लिए और उन्हें वापस नहीं किया।
15 साल पुराना कर्मचारी, इसलिए किया भरोसा
जानकारी के अनुसार, मुकेश पिछले 15 सालों से ‘गैस पाइंट’ नाम की एजेंसी में काम कर रहा था। वह नियमित रूप से घरों से खाली सिलेंडर लेकर उन्हें भरवाकर वापस करता था, जिससे लोगों का उस पर पूरा भरोसा था।
30 सिलेंडर लेकर फरार
इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने करीब 30 खाली सिलेंडर इकट्ठा किए और फरार हो गया। आशंका जताई जा रही है कि उसने इन सिलेंडरों को ब्लैक में बेच दिया है।
Read More : इंदौर से खाटू श्याम के लिए पहली सीधी ट्रेन शुरू, सांसद लालवानी ने दिखाई हरी झंडी
लोगों का हंगामा, FIR दर्ज
घटना सामने आने के बाद नाराज लोगों ने गैस एजेंसी पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद एजेंसी संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
22 मार्च से गायब आरोपी
एजेंसी संचालक के अनुसार, मुकेश 22 मार्च से काम पर नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।











