Indore Cyber Crime : इंदौर। इंदौर की राऊ थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने द्वारकापुरी और राऊ क्षेत्र में सक्रिय एक ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए मुन्नी बाई नामक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से 62 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है।

‘टोकन’ के नाम पर बिकता था जहर जांच में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुन्नी बाई नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर नाबालिग बच्चों और महिलाओं का इस्तेमाल करती थी। यह गिरोह ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करता था, जिन्हें कोडनेम ‘टोकन’ दिया गया था। एक टोकन की कीमत करीब 1,000 रुपये तय की गई थी। आरोपी महिला खुद को कानून की नजरों से बचाने के लिए इन बच्चों के जरिए सप्लाई करवाती थी।
फॉरवर्ड लिंकेज से खुले कई राज डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मुन्नी बाई की गिरफ्तारी के बाद जब उसके मोबाइल और संपर्कों की पड़ताल की गई, तो इस नेटवर्क के अन्य सदस्य भी रडार पर आ गए। पुलिस ने द्वारकापुरी क्षेत्र से डॉली और विकास नामक दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी मुन्नी बाई से थोक में ड्रग्स खरीदते थे और उसे अपने क्षेत्रों में खुदरा ग्राहकों को सप्लाई करते थे।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला मुन्नी बाई एक आदतन अपराधी है। करीब डेढ़ साल पहले भी उसे एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से अपना नेटवर्क सक्रिय कर लिया था। पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मुन्नी बाई को यह ब्राउन शुगर कहाँ से सप्लाई की जा रही थी।













