इंदौर: शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र में नर्मदा नदी के पानी और नालियों के गंदे पानी के मिक्स होने से फैली बीमारी ने भयावह रूप ले लिया है। बीते कुछ दिनों में दो महिलाओं और एक बुजुर्ग की मौत के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। हालांकि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इन मौतों को अन्य बीमारियों से जोड़ रहा है, लेकिन स्थानीय लोग दूषित पानी को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
150 से अधिक लोग बीमार, अस्पतालों में बढ़ी भीड़
24 दिसंबर से शुरू हुई उल्टी-दस्त और पेट की गंभीर शिकायतों ने अब तक करीब 150 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। सोमवार को ही 35 से अधिक मरीज निजी अस्पतालों में भर्ती हुए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मुख्यमंत्री और मंत्री ने लिया संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की कमी न हो। उन्होंने दवाइयों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और जरूरी संसाधनों की तुरंत व्यवस्था करने को कहा।
वहीं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय देर रात वर्मा और त्रिवेणी अस्पताल पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उन्होंने आश्वासन दिया कि इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी और जिन मरीजों ने निजी अस्पतालों में राशि जमा की है, वह वापस की जाएगी।
बीमारी फैलने के कारणों पर सस्पेंस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बीमारी फैलने की दो प्रमुख आशंकाएं हैं—
-
खुदाई के दौरान ड्रेनेज लाइन फूटना, जिससे गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल गया।
-
पानी की टंकी के दूषित होने की संभावना।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीमें और आशा-उषा कार्यकर्ता लगातार पानी के सैंपल ले रहे हैं, लेकिन अभी तक बीमारी की ठोस वजह सामने नहीं आई है।
Read More : Rehan Vadra Engagement : प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने की अवीवा बेग से सगाई, जल्द तय होगी शादी
परिजनों का आरोप, प्रशासन पर उठे सवाल
मृतक महिलाओं सीमाबाई प्रजापत और उर्मिला यादव के परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में गंदे पानी की शिकायत की जा रही थी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। वहीं मंगलवार सुबह इलाज के दौरान 70 वर्षीय नंदलाल पाल की भी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग का दावा
सीएमएचओ डॉ. माधव हासांक ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और तीनों मौतों को उल्टी-दस्त से जोड़ने के प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि मरीजों की बढ़ती संख्या ने चिंता जरूर बढ़ा दी है।











