Illegal English liquor : इंदौर। इंदौर पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। विजय नगर थाना पुलिस ने गुजरात ले जाई जा रही 90 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और तस्करी में शामिल ड्राइवर व कंडक्टर को गिरफ्तार किया है।
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल को मुखबिर से सैकड़ों लीटर शराब की तस्करी को लेकर बड़ा इनपुट मिला था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने रेडिसन चौराहे पर चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान, सलूजा स्लीपर बस की डिक्की से पुलिस को 90 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। तस्कर कार्टूनों में छुपाकर ये शराब इंदौर से अहमदाबाद (गुजरात) ले जा रहे थे। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 800 लीटर है, जिसमें 4320 अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल हैं। जब्त शराब की कीमत लगभग साढ़े 7 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने मौके से ड्राइवर और कंडक्टर असीम खान और वसीम खान को गिरफ्तार किया है। विजय नगर पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतर्राज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिल सके। पुलिस जल्द ही इस नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा कर सकती है।













