धार | मध्यप्रदेश। बदनावर क्षेत्र में एक हनीट्रैप गिरोह का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरोह ने पहले एक व्यक्ति को प्रेमजाल में फंसाया, फिर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और ₹1.5 लाख की वसूली की।
मामला तब सामने आया जब मारपीट और ब्लैकमेलिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने जब इस पर जांच शुरू की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। आरोपी महिला ने पहले पीड़ित को बहला-फुसलाकर एक कमरे में बुलाया, फिर उसी दौरान गिरोह के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और पीड़ित की न्यूड वीडियो बनाकर उसे पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से ऐसे मामलों में सक्रिय था और युवकों को फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के और कितने सदस्य हैं और किन-किन लोगों को अब तक शिकार बनाया जा चुका है।
बदनावर पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।











