भोपाल। साइबर ठगों ने इस बार आम आदमी नहीं, बल्कि साइबर क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी के चाचा और भोजपुर विधानसभा के पूर्व विधायक रामकिशन चौहान को निशाना बना लिया। अरेरा कॉलोनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम बूथ पर उनके कार्ड की क्लोनिंग कर ठगों ने 6 लाख 83 हजार रुपये उड़ा लिए।
पूर्व विधायक के खाते से 2 फरवरी से 1 मई 2025 के बीच 54 बार ट्रांजेक्शन किया गया, लेकिन बैंक की ओर से एक भी अलर्ट मैसेज नहीं आया। 5 मई को 92 रुपये की ट्रांजेक्शन सूचना मिलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने साइबर क्राइम ब्रांच भोपाल से शिकायत की, लेकिन अब तक राशि की बरामदगी नहीं हो सकी है, जिससे वे निराश हैं।
चौहान का आरोप है कि बिना बैंक कर्मचारियों और अपराधियों की मिलीभगत के इतनी बड़ी ठगी संभव नहीं है। वे अरेरा कॉलोनी में निवास करते हैं और सवाल उठा रहे हैं कि जब एक पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों का क्या होगा? पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक ठोस सफलता नहीं मिली है।













