ग्वालियर। Gwalior Viral Video : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक नवविवाहित जोड़े द्वारा ओवरब्रिज पर नियमों को ताक पर रखकर अजीबोगरीब फोटोशूट और डांस का वीडियो सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह नज़ारा देखकर राहगीर तक हैरान रह गए।
दरअसल, मामला ग्वालियर शहर के पड़ाव थाना क्षेत्र के नए पड़ाव ओवरब्रिज का है। वीडियो में दुल्हन कार के बोनट पर बैठकर सज-धजकर डांस करती नजर आ रही है, वहीं दूल्हा कार की छत पर चढ़कर तेज़ म्यूज़िक में तलवार लहराते हुए झूमता दिख रहा है। यह सब उस वक्त हो रहा था जब ब्रिज पर लगातार यातायात जारी था, और अंधेरा भी था।
जिस कार पर यह सब किया गया, वह ग्वालियर RTO में रजिस्टर्ड है, जिसका नंबर MP07 ZH 0835 है। इस सनसनीखेज वीडियो के सामने आने के बाद अब पुलिस भी हरकत में आ गई है और वाहन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि किसी संभावित हादसे को दावत देने जैसा है। जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था के लिए चुनौती बनी बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े करती है – क्या सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ पाने की होड़ में लोग अब नियम और सुरक्षा सबकुछ भूल चुके हैं?













