निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर से एक अनोखा और भावनात्मक मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने ‘लड्डू गोपाल’ की मूर्ति खोने की शिकायत लेकर थाने पहुंची। हालांकि, उसने पुलिस से साफ कहा कि वह इस मामले में औपचारिक FIR दर्ज नहीं कराना चाहती।
भगवान को कोर्ट न बुलाने की अपील
महिला विजया शर्मा ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि अगर केस दर्ज हुआ, तो उनके भगवान को कानूनी प्रक्रिया के तहत थाने या कोर्ट में पेश करना पड़ सकता है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनके आराध्य को इस तरह की प्रक्रिया से गुजरना पड़े।
बाजार में खो गई मूर्ति
जानकारी के अनुसार, यह मामला विवि थाना क्षेत्र के अलकापुरी इलाके का है। विजया शर्मा ने बताया कि 29 जनवरी को वह अपनी बहन के साथ बाजार गई थीं और लड्डू गोपाल की मूर्ति भी साथ ले गई थीं। इसी दौरान वह मूर्ति कहीं गिरकर खो गई। काफी तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
Read More : सालों बाद बिकीं डॉन दाऊद की पुश्तैनी जमीन! मिला खरीदार… मुंबई के शख्स ने मारी बाजी
इनाम की घोषणा, लोगों से अपील
मूर्ति की तलाश में महिला ने 18 मार्च को उसे ढूंढकर लाने वाले के लिए इनाम की घोषणा भी की है, हालांकि इनाम की राशि सार्वजनिक नहीं की गई है। वह लगातार लोगों को मूर्ति की फोटो दिखाकर जानकारी देने की अपील कर रही हैं।
पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण मामला
पुलिस भी इस मामले को चुनौतीपूर्ण मान रही है। सीएसपी मनीष यादव के अनुसार, इस तरह की घटनाओं में मूर्ति का पता लगाना आसान नहीं होता, फिर भी आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
आस्था और भावना से जुड़ा मामला
यह घटना आस्था और भावनाओं से जुड़ी हुई है, जहां एक महिला अपने आराध्य के खो जाने से बेहद परेशान है। अब देखना होगा कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यह मूर्ति मिल पाती है या नहीं।











