Tuesday, September 8, 2026
Home Madhya Pradesh Gwalior Gwalior Fire Daulatganj Market : भीषण अग्निकांड से दहला दौलतगंज बाजार, दम...

Gwalior Fire Daulatganj Market : भीषण अग्निकांड से दहला दौलतगंज बाजार, दम घुटने से महिला की मौत; बच्चों समेत कई लोगों का हुआ रेस्क्यू

Gwalior Fire Daulatganj Market : ग्वालियर। शहर के सबसे व्यस्ततम व्यावसायिक इलाके दौलतगंज स्थित बालाबाई के बाजार में आज एक तीन मंजिला मकान में लगी भीषण आग ने कोहराम मचा दिया। एसी का कंप्रेसर फटने और उसके बाद गैस सिलेंडर से हुए रिसाव ने आग को भयावह रूप दे दिया। इस हादसे में एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई है, जबकि दो बच्चों सहित फंसे हुए अन्य लोगों को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

आग का तांडव: 3 घंटे बाद भी रेस्क्यू जारी घटना की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तीव्र थी कि तीन मंजिला मकान में रखा लाखों का सामान देखते ही देखते राख हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम, बीएसएफ और सेना के दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम कमिश्नर संघप्रिय, एसएसपी धर्मवीर सिंह और स्थानीय विधायक सतीश सिकरवार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन की पूरी टीम पिछले 3 घंटों से आग बुझाने की कड़ी मशक्कत में जुटी है।

बाइट – धर्मवीर सिंह (एसएसपी, ग्वालियर): “घटना बेहद दुखद है। आग लगने के कारणों में एसी कंप्रेसर फटना और सिलेंडर से गैस रिसाव सामने आया है। हमारी पहली प्राथमिकता सुरक्षित रेस्क्यू की थी। एसडीआरएफ की मदद से कुछ लोगों को बचाया गया है, लेकिन दुर्भाग्यवश एक महिला की जान चली गई। दमकल की गाड़ियाँ लगातार आग को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हैं।”

बाइट – सतीश सिकरवार (स्थानीय विधायक): “बालाबाई का बाजार काफी सघन इलाका है, जिसके चलते राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। मैंने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम से पूरी सतर्कता बरतने को कहा है। हम इस बात की जाँच करवाएंगे कि क्या यहाँ सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा था या नहीं।”

बाइट – स्थानीय प्रत्यक्षदर्शी: “अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते मकान आग के गोले में तब्दील हो गया। धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि सांस लेना मुश्किल हो गया था। मोहल्ले के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।”

फिलहाल, क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है ताकि आग को अन्य रिहायशी मकानों तक फैलने से रोका जा सके।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here