Temple gang : : भिलाई (दुर्ग)। भिलाई शहर में पिछले कुछ महीनों से मंदिरों को निशाना बना रहे एक शातिर सीरियल चोर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो मुख्य सदस्यों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वाले मध्य प्रदेश के एक ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर के कुल पांच बड़े मंदिरों में हुई चोरियों का खुलासा हुआ है।
जेल में रची गई थी साजिश: पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामचंद राठौर (अनूपपुर, म.प्र.) और मुकेश जायसवाल (मुंगेली, छ.ग.) के रूप में हुई है। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों की मुलाकात बिलासपुर जेल में हुई थी। रामचंद पहले से चोरी के मामले में और मुकेश दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद था। जेल से छूटने के बाद दोनों भिलाई की फल मंडी में हमाली करने लगे और सपना टॉकीज के पीछे किराए का कमरा लेकर रहने लगे। कम समय में ज्यादा पैसे कमाने की लालच में उन्होंने मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई।
Temple gang : : इन मंदिरों को बनाया निशाना: गिरोह ने 7 अगस्त से लेकर 16 दिसंबर 2025 के बीच फल मंडी पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-5 कांचीकमाछी मंदिर, फरीद नगर दुर्गा मंदिर, काली मंदिर सुपेला और सेक्टर-6 स्थित बालाजी मंदिर में चोरी और चोरी के प्रयास की वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी मंदिर के ताले और दानपेटी तोड़कर चांदी के छत्र, मुकुट, मुखौटा और नकदी पार कर देते थे।
Temple gang : : ज्वेलर्स भी सलाखों के पीछे: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अनूपपुर (म.प्र.) के ज्वेलर्स विकास सोनी को भी गिरफ्तार किया है, जो चोरी के जेवर खरीदा करता था। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में प्रयुक्त बाइक (CG 28 L 4683), सब्बल, मोबाइल, टैबलेट, चांदी के जेवरात और नकदी सहित कुल 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
दुर्ग एसपी के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में छावनी, भिलाई नगर और सुपेला थाना पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।











