C.G Weather : छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, बारिश और ठंडी हवाओं से राहत

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क  छत्तीसगढ़ में मार्च का महीना इस बार अलग ही रंग दिखा रहा है। महीने की शुरुआत में जहां तेज धूप और गर्मी ने लोगों को अप्रैल-मई जैसा एहसास कराया, वहीं अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और बादलों की आवाजाही से मौसम सुहावना हो गया है।

 बस्तर संभाग में तेज बारिश

मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, जो सही साबित हुआ। बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में कोंटा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि अमलीपदर और करपावंड में 10-10 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

सरगुजा में ओलावृष्टि, कई जगह बारिश

पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला। सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई, जबकि पेंड्रा रोड, अंबिकापुर सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Read More : छत्तीसगढ़ में घर खरीदना हुआ सस्ता! साय सरकार का बड़ा फैसला… रजिस्ट्री पर 0.60% सेस खत्म

तापमान में गिरावट, ठंड का एहसास

बारिश और बादलों के कारण प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को दुर्ग सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रमुख शहरों का तापमान

रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री, बिलासपुर में 35 डिग्री, पेंड्रा रोड में 33.6 डिग्री, अंबिकापुर में 33.4 डिग्री और जगदलपुर में 32.3 डिग्री दर्ज किया गया।

अगले 24-48 घंटे का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य में हल्की बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। रायपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग में 23 मार्च तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद तापमान में 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

आगे फिर बदल सकता है मौसम

मार्च के आखिरी सप्ताह में एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिससे एक बार फिर प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम के उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *