नई दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप 1xBet से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा एक्शन लिया है। जांच एजेंसी ने फिल्मी सितारों और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों की कुल 7.93 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। लंबे समय से इन हस्तियों पर अवैध बेटिंग ऐप के प्रचार से जुड़े होने के आरोप लग रहे थे, जिसके बाद अब कार्रवाई तेज हो गई है।
किन-किन सेलेब्स की संपत्ति जब्त हुई
सूत्रों के मुताबिक, ED ने जिन हस्तियों की संपत्ति अटैच की है, उनमें—
- युवराज सिंह – ₹2.50 करोड़
- उर्वशी रौतेला – ₹2.02 करोड़ (मां के नाम पर संपत्ति)
- सोनू सूद – ₹1.00 करोड़
- नेहा शर्मा – ₹1.26 करोड़
- मिमी चक्रवर्ती – ₹59 लाख
- अंकुश हजारा – ₹47.20 लाख
- रोबिन उथप्पा – ₹8.26 लाख
ED की इस कार्रवाई में कुल ₹7.93 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
Read More : आज IND vs SA फाइनल मुकाबला, साउथ अफ्रीका के पास बराबरी का मौका, जानें कैसी होगी पॉसिबल प्लेइंग-XI
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
इससे पहले इसी केस में शिखर धवन की ₹4.55 करोड़ और सुरेश रैना की ₹6.64 करोड़ की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। अब तक ED इस मामले में कुल ₹19.07 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
पूछताछ के बाद तेज हुआ एक्शन
ED पहले ही इस मामले में सुरेश रैना, युवराज सिंह, सोनू सूद सहित कई सेलेब्स से घंटों पूछताछ कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि इन हस्तियों ने विदेशी कंपनियों के साथ विज्ञापन डील कर सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए अवैध बेटिंग ऐप्स को प्रमोट किया।
क्या है पूरा 1xBet मामला?
ED की जांच में सामने आया है कि 1xBet, 1xBat और Sporting Lines जैसे प्लेटफॉर्म भारत में बिना अनुमति के ऑनलाइन जुआ और सट्टा चला रहे थे। इन ऐप्स के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई, जिसे प्रमोशनल डील्स और हवाला नेटवर्क के माध्यम से सफेद किया गया।फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।











