निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला और महिला हेड कॉन्स्टेबल के बीच कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक ज्वेलरी दुकान में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
एडवांस रकम वापस मांगने पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार, पीड़िता जया गाड़े 19 अप्रैल को अपनी मां के साथ एक ज्वेलरी शॉप पहुंची थीं। उन्होंने दुकान संचालक से पहले दिए गए 50 हजार रुपये एडवांस वापस मांगे। बताया जा रहा है कि महिला ने 15 अप्रैल को गहने बनवाने के लिए ऑर्डर दिया था, लेकिन बाद में उसे रद्द कर दिया।
महिला का आरोप है कि दुकान संचालक ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और इसी दौरान विवाद बढ़ गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
Read more : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर! अगले 5 दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
दुकान में बढ़ी बहस, फिर हुई हाथापाई
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान में महिला और स्टाफ के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। वायरल वीडियो में महिला और पुलिसकर्मी के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
पीड़िता का आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला हेड कॉन्स्टेबल लता सुमन साहू ने बिना पूरी जानकारी लिए उनके साथ दुर्व्यवहार किया। महिला का कहना है कि पुलिसकर्मी ने पहले थप्पड़ मारा और फिर बाल पकड़कर घसीटा।
ऑपरेशन वाली जगह पर चोट पहुंचाने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पेट का पहले ऑपरेशन हो चुका है, बावजूद इसके उसी जगह पर लात मारी गई। पीड़िता के मुताबिक, इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए और मोबाइल फोन जमीन पर पटककर नुकसान पहुंचाया गया।
महिला की मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
थाने में भी दुर्व्यवहार का दावा
पीड़िता ने दावा किया है कि पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने के बजाय उसी के खिलाफ कार्रवाई कर दी। महिला का आरोप है कि थाने के अंदर भी उसके साथ मारपीट की गई और उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
साथ ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पर निष्पक्ष जांच नहीं करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
एसएसपी से कार्रवाई की मांग
पूरे मामले को लेकर महिला ने दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल से शिकायत की है और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।











