Dibrugarh Murder Case : दिब्रुगढ़। असम के दिब्रुगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी ही बेटी के प्रेमी की मदद से पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस खौफनाक साजिश का खुलासा करते हुए महिला, उसकी बेटी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 52 वर्षीय उत्तम गोगोई की लाश 25 जुलाई को उनके घर में संदिग्ध हालत में मिली थी। शुरुआत में इसे एक चोरी के दौरान हुई हत्या बताया गया, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए। करीब 8 दिन की गहन जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी, नाबालिग बेटी, बेटी के प्रेमी और एक अन्य किशोर को हत्या के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की 16 वर्षीय बेटी 9वीं कक्षा की छात्रा है और वह 21 वर्षीय दीपज्योति बुरागोहैन नामक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी। लड़की की मां इस रिश्ते के खिलाफ नहीं थी, बल्कि उसी ने अपनी बेटी के प्रेमी को पति की हत्या की सुपारी दे दी।
पैसे और जेवरात में हुआ सौदा, पुलिस ने किया बरामद
आरोप है कि दीपज्योति और उसके एक नाबालिग दोस्त को इस हत्या के लिए नकदी और सोने के जेवरात दिए गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने गहन छानबीन के बाद उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया और पुलिस ने उनके पास से सोने के जेवर भी बरामद किए हैं।
Read More : Fastag Annual Pass : 3,000 में सालभर फ्री टोल! लेकिन हर कोई नहीं उठा पाएगा फायदा – जानिए क्यों
दिब्रुगढ़ के एसएसपी राकेश रेड्डी के अनुसार, आरोपियों ने हत्या को चोरी का रूप देने की कोशिश की, लेकिन उनके बयान और घटनास्थल के सबूत मेल नहीं खा रहे थे। फॉरेंसिक जांच में भी उनकी संलिप्तता की पुष्टि हुई है। इस वारदात के बाद बरबरुआ क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और स्थानीय लोगों ने दोषियों को फांसी देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
फिलहाल सभी आरोपी हिरासत में हैं और पुलिस हत्या के पीछे की गहरी वजह तलाश रही है।











