इंदौर। नगर निगम के झोन 18 (मुसाखेड़ी) में पदस्थ ऑफिस अधीक्षक संजय वेद को लोकायुक्त पुलिस ने 7000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वेद ने मस्टरकर्मी संजय सिंगोलिया से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने और वार्ड में काम दिलवाने के एवज में कुल 15,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पीड़ित संजय सिंगोलिया को पहले नगर निगम से जॉइनिंग लेटर मिल चुका था, लेकिन संजय वेद बार-बार रिश्वत की मांग कर रहा था। पहले ही पीड़ित 8000 रुपये दे चुका था। शेष 7000 रुपये आज देने के लिए बुलाया गया था, जिसकी सूचना फरियादी ने लोकायुक्त को दी।
लोकायुक्त टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया और जैसे ही संजय वेद ने बचे हुए 7000 रुपये लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। अब आरोपी से पूछताछ कर रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।











