नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) के टर्मिनल-1 पर एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट पर यात्री के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित यात्री अंकित दीवान ने खून से सने अपने चेहरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर पूरे मामले को सार्वजनिक किया है।
सिक्योरिटी लाइन पर शुरू हुआ विवाद
अंकित दीवान अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। उनके साथ चार महीने की एक छोटी बच्ची भी थी, जिसके कारण वे स्ट्रोलर के साथ स्टाफ वाली सिक्योरिटी चेक-इन लाइन से गुजर रहे थे। इसी दौरान आरोपी पायलट विजेंदर सेजवाल ने कथित तौर पर लाइन तोड़ने की कोशिश की। जब दीवान ने इसका विरोध किया, तो पायलट ने कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और विवाद बढ़ गया।
AIX Pilot, Capt. Vijender Sejwal pic.twitter.com/Ntp1pnDgdb
— Ankit Dewan (@ankitdewan) December 19, 2025
मासूम बच्ची के सामने हिंसा
पीड़ित के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि पायलट ने उन पर शारीरिक हमला कर दिया। इस हमले में अंकित दीवान की नाक से खून बहने लगा और कपड़े खून से सने नजर आए। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि यह पूरी घटना उनकी मासूम बच्ची के सामने हुई, जिससे बच्ची गहरे सदमे में चली गई।
Read More : M.P Accident : रीवा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो ट्रक की जोरदार भिड़ंत, घंटों फंसा रहा ड्राइवर
एयरलाइन की त्वरित कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी कर घटना की निंदा की और आरोपी पायलट को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया है। एयरलाइन का कहना है कि पायलट उस समय दूसरी एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे, लेकिन उनके व्यवहार की गंभीरता से जांच की जाएगी।
जबरन समझौते का आरोप
अंकित दीवान ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें एयरपोर्ट पर ही एक पत्र लिखने के लिए मजबूर किया गया, जिसमें मामला आगे न बढ़ाने की बात लिखवाई गई। उनका कहना है कि फ्लाइट और महंगी ट्रैवल बुकिंग छूटने के डर से उन्हें दबाव में डाला गया।
पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़ित ने दिल्ली पुलिस से निष्पक्ष जांच और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। यह घटना एयरपोर्ट सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।











