कवर्धा। कवर्धा जिले में हाल ही में हुए विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार और स्थानीय विधायक व उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को घेर लिया है। बैज ने आरोप लगाया कि विवाद उनके क्षेत्र में हुआ, लेकिन सरकार और गृहमंत्री ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने सवाल उठाया कि दोनों समुदायों को लड़ाना बीजेपी का एजेंडा बन गया है।
दीपक बैज ने बीजेपी के बचत उत्सव पर भी हमला किया। उनका कहना था कि जीएसटी को लेकर भाजपा गुणगान कर रही है, जबकि कोरोना काल में पेट्रोल-डीज़ल और अन्य वस्तुओं पर टैक्स बढ़ाया गया। बैज ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विरोध किया और जनता की कमाई को बीजेपी ने आठ साल तक लूटा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस की चिंता छोड़कर कवर्धा की कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा की चिंता करनी चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि अगर गृहमंत्री जिम्मेदारी निभाते तो निर्दोष आदिवासियों की मौत नहीं होती।
पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर की चिट्ठी पर भी बैज ने भाजपा के अंदरूनी विवादों को उजागर किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी अंदरूनी खेमों और बगावत से जूझ रही है, छोटे और बड़े नेता भी पार्टी में असंतोष जताने लगे हैं।
नक्सलवाद पर गृहमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि सरकार और गृहमंत्री कन्फ्यूजन में हैं। उन्होंने जोर दिया कि चाहे गोली पुलिस से निकले या नक्सली से, निर्दोष आदिवासी मर रहे हैं और गृहमंत्री अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकते। इस घटना ने छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक विवादों को लेकर गर्मागर्मी बढ़ा दी है।











