इंदौर।मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) में आईटी डिपार्टमेंट हॉस्टल में देर रात तोड़फोड़ की बड़ी वारदात सामने आई है। हॉस्टल परिसर में लगे 14 सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए गए और डीवीआर चोरी की शिकायत भी दर्ज की गई है।
भवरकुआं थाना पुलिस ने इस मामले में चार छात्रों को नामजद किया है, जबकि 93 अन्य छात्रों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना देर रात की है और हॉस्टल में मौजूद सुरक्षा गार्डों ने कुछ छात्रों को संदिग्ध गतिविधियों के दौरान पकड़ा।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ छात्रों की मिलीभगत की आशंका सामने आई है। पुलिस अब शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई पर विचार कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी हॉस्टल में रैगिंग की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जूनियर छात्रों ने सीनियर छात्रों पर दबाव और उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इस बीच कैमरे तोड़े जाने की घटना ने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी छात्रों पर सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
“घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। आरोपियों की पहचान और उचित कार्रवाई की जाएगी।” – राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर











