भोपाल। आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश राज्य कोर कमेटी की एक दिवसीय बैठक रविवार को राजधानी भोपाल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रभारी जीतेन्द्र सिंह तोमर ने की। इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठन विस्तार पर विचार-विमर्श किया।
श्री तोमर ने कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा जैसे आम जनता से जुड़े मुद्दों पर व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस की दो-दलीय व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है। दोनों ही दलों ने प्रदेश को खोखला कर दिया है। अब जनता एक सच्चा विकल्प चाहती है, जो ईमानदारी और जनहित की राजनीति करे। उन्होंने कहा, “भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जनता अब केजरीवाल मॉडल को अपनाना चाहती है।”
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आम आदमी पार्टी मध्यप्रदेश में होने वाले आगामी सभी चुनावों में पूरी शक्ति और रणनीति के साथ उतरेगी। श्री तोमर ने भरोसा जताया कि जिस तरह दिल्ली, पंजाब, गुजरात और गोवा में पार्टी ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है, उसी तरह मध्यप्रदेश में भी आम आदमी पार्टी जल्द ही जनआंदोलन का केंद्र बनेगी।











