CM Mohan Yadav On Mamata : भोपाल : पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ईडी की कार्रवाई में कथित हस्तक्षेप पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम यादव ने कहा कि जांच एजेंसियों का सहयोग करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का कर्तव्य है, लेकिन ममता बनर्जी का आचरण इसके विपरीत है।
“यह तरीका उचित नहीं”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने बयान में कहा कि जब कोई जांच एजेंसी अपना काम कर रही हो, तो सभी को उसमें सहयोग करने की आवश्यकता होती है। उन्होंने ममता बनर्जी के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा, “ऐसे माहौल में अगर वो स्वयं इस तरह की हल्की हरकत करती हैं, तो मैं समझता हूं यह अच्छा नहीं है। एक राज्य के मुख्यमंत्री के नाते उनका यह तरीका किसी भी लिहाज से उचित नहीं है।”
क्या था मामला?
गौरतलब है कि कोलकाता में आई-पैक (I-PAC) के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंच गई थीं। ईडी ने उन पर जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें और साक्ष्य जबरन अपने साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसे लेकर अब सियासी घमासान भोपाल तक पहुंच गया है।











