Raipur Murder News: राजधानी में खूनी वारदात! अमलीडीह में 18 साल के गौरव सेन की हत्या, पेपर कटर से ताबड़तोड़ हमला

Anuj Nirala

Raipur Murder News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बदमाशों के हमले में एक 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। अमलीडीह के स्वर्ण जयंती चौक के पास शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने गौरव सेन पर धारदार पेपर कटर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गौरव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।

घर लौटते समय युवक को घेरा, फिर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, अमलीडीह निवासी गौरव सेन शनिवार रात करीब 10:30 बजे किसी काम से बाहर गया था। घर लौटते समय वह स्वर्ण जयंती चौक के पास पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया।

Read More: Rajnandgaon Rape Case: Instagram पर दोस्ती, होटल में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप; गुजरात से 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

गौरव कुछ समझ पाता, इससे पहले ही हमलावरों ने उस पर पेपर कटर से कई वार कर दिए। हमले में उसकी जांघ पर गंभीर चोट आई और मुख्य नस कटने से तेजी से खून बहने लगा। अधिक रक्तस्राव के कारण गौरव सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क पर खून से लथपथ मिला युवक

घटना के बाद आसपास के लोगों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।

हत्या की वजह अब तक साफ नहीं

इस वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। हमलावरों और मृतक के बीच पहले से कोई विवाद था या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

Read More: CG News: छत्तीसगढ़ में 5 पटवारियों पर गिरी गाज, कहीं सरकारी जमीन तो कहीं खसरा रिकॉर्ड में गड़बड़ी के आरोप

CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही संदिग्धों की पहचान करने और घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

अमलीडीह जैसे रिहायशी इलाके में हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस जांच से ही हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की जानकारी सामने आ सकेगी।

Share The News
Share This Article
2 Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *