Wednesday, September 30, 2026
Home Chhattisgarh CG News: नवागढ़ गांव में ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प,...

CG News: नवागढ़ गांव में ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प, घरघोड़ा पुलिस ने किया स्वागत; अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

CG News:गौरी शंकर गुप्ता\रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ को पुलिस कार्रवाई के साथ अब सामुदायिक सहभागिता से भी मजबूती मिल रही है। इसी अभियान के तहत घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गांव में पूर्ण शराबबंदी का संकल्प लिया है। ग्रामीणों की इस पहल का घरघोड़ा पुलिस ने स्वागत किया है।

गांव में शराबबंदी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सामाजिक पहल बताया।

शराब से अपराध और सड़क हादसों पर थाना प्रभारी ने किया जागरूक

कार्यक्रम में थाना प्रभारी कुमार गौरव ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शराब और अन्य नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के कई मामलों में नशे में वाहन चलाना भी एक कारण सामने आता है। इसके अलावा नशे की वजह से घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य अपराधों की स्थिति भी पैदा हो सकती है।

Read More: CG News: भिलाई स्टील प्लांट चोरी केस में CBI जांच, विधायक रिकेश सेन का दावा- सामने आएंगे अधिकारी और बड़े चेहरे

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से कहा कि एक गांव की अच्छी पहल दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। नवागढ़ के ग्रामीणों का यह सामूहिक निर्णय आसपास के गांवों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित कर सकता है।

अवैध शराब बेचने वालों को सख्त चेतावनी

गांव में पूर्ण शराबबंदी के संकल्प के बाद पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को भी स्पष्ट चेतावनी दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि गांव में अवैध शराब की बिक्री या निर्माण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

ग्रामीणों ने पुलिस अभियान की सराहना की

ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान और गांवों में की जा रही जागरूकता गतिविधियों की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि वे गांव में शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग बनाए रखेंगे और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देंगे।

Read More: CG News: अनुसूचित क्षेत्र के शिक्षकों को 10 दिन अतिरिक्त अर्जित अवकाश, शालेय शिक्षक संघ ने जताया जिला प्रशासन का आभार

पुलिस के साथ समाज की भागीदारी पर जोर

रायगढ़ पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब और नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सामुदायिक पुलिसिंग पर भी जोर दिया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि ग्रामीणों की भागीदारी से नशामुक्त गांव, सुरक्षित परिवार और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। जब पुलिस के साथ समाज और ग्रामीण भी आगे आते हैं, तभी नशामुक्ति का अभियान मजबूत होता है। उन्होंने नवागढ़ के ग्रामीणों द्वारा स्वेच्छा से शराबबंदी का निर्णय लिए जाने को सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया। साथ ही कहा कि रायगढ़ पुलिस ऐसे प्रयासों में ग्रामीणों के साथ खड़ी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here