Kawardha News: कवर्धा। पंडरिया ब्लॉक के गुंझेटा गांव में करीब 43 लाख रुपए की लागत से बनी सड़क महज तीन महीने में खराब हो गई। सड़क की गिट्टी उखड़ने और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए खराब हिस्से पर बुलडोजर चलवा दिया। अधिकारियों ने ठेकेदार को सड़क दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाने के निर्देश दिए हैं।
Kawardha News: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं ग्रामीण विकास योजना के तहत गांव में करीब 550 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की सतह से गिट्टी निकलने लगी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की शिकायत विभाग से की।
शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद कोर कटिंग के जरिए सड़क के सैंपल लिए गए और तकनीकी जांच के लिए लैब भेजे गए। जांच में सड़क गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरने की बात सामने आई। इसके बाद विभाग ने खराब सड़क को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की।
अधिकारियों के मुताबिक, ठेकेदार को सड़क निर्माण के दौरान इंजीनियर की मौजूदगी और तकनीकी निर्देशों के अनुसार काम करने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद निर्माण में लापरवाही बरती गई। अब खराब हिस्से को दोबारा बनवाने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने ठेकेदार के भुगतान पर भी रोक लगाए जाने की जानकारी दी है। वहीं, ठेकेदार की ओर से लिखित रूप से गलती स्वीकार करते हुए सड़क का दोबारा निर्माण कराने की बात कही गई है।
Kawardha News: अधिकारियों का कहना है कि सरकारी राशि से होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुंझेटा में की गई कार्रवाई को जिले में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों के ठेकेदारों के लिए भी सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।






