CG News: कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जर्जर सड़कों और उनसे उड़ने वाली धूल से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लखनपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों ने सुतर्रा-बांकीमोंगरा-कटघोरा बाईपास पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण सुबह 9 बजे से सड़क पर धरने पर बैठे हैं। इसके चलते मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है।
CG News: जर्जर सड़क से उड़ रही धूल, लोग परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण रोजाना लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण धूल के बड़े-बड़े गुबार उठते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को दिक्कत होती है। ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है।
SECL और PWD पर लगाया लापरवाही का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने SECL और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर सड़क की समस्या को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए और संबंधित अधिकारियों की ओर से लिखित आश्वासन दिया जाए।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
CG News: चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ग्रामीणों को समझाकर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण सड़क मरम्मत को लेकर ठोस कार्रवाई और लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं। चक्काजाम के कारण सुतर्रा-बांकीमोंगरा-कटघोरा बाईपास पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या निर्णय लेता है और जर्जर सड़क की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।
