खरोरा : छत्तीसगढ़ साहू संघ के निर्देशानुसार और जिला साहू संघ के पर्यवेक्षण में तहसील साहू संघ सुहेला का चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम मां खल्लारी प्रांगण स्थित झिरिया साहू समाज भवन में आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे पूजा-अर्चना, श्रीफल अर्पण और अगरबत्ती जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
चुनाव प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चली, जिसमें मटिया, सुहेला और हिरमी क्षेत्र के साहू समाज के सदस्यों ने स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान बलौदा बाजार जिला साहू संघ के पर्यवेक्षक और नोडल अधिकारी की देखरेख में निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया गया।
निर्वाचन परिणाम में सरोज कुमार साहू (ग्राम गोरदी, वर्तमान सरपंच) को अध्यक्ष, नरेंद्र कुमार साहू (ग्राम परसानी) को पुरुष उपाध्यक्ष, अनिता साहू (ग्राम हिरमी) को महिला उपाध्यक्ष, शिव शंकर साहू (ग्राम रानीजरौद) को संगठन सचिव और बुधियारिन साहू (ग्राम खपराडीह) को महिला संगठन सचिव चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरोज कुमार साहू ने अपने संबोधन में कहा कि यह विजय उनके समाज के बड़ों के आशीर्वाद और समाज के सभी सदस्यों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने समाज की सेवा में निरंतर तत्पर रहने और भाईचारे की भावना से समाज के उत्थान में योगदान देने का संकल्प लिया।
Read More : CG News : राजनांदगांव: नवपदस्थ कलेक्टर जितेन्दर यादव ने कार्यभार ग्रहण किया
कार्यक्रम में मुड़पार, बलौदा बाजार और आसपास के गांवों से वरिष्ठ समाजजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर तिहारू राम साहू, रामनाथ साहू, जगन्नाथ साहू, सुंदरलाल साहू और अन्य वरिष्ठ समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समापन के अवसर पर जिला साहू संघ के पदाधिकारियों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों को शरद पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दी।











