CG News : बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय इलाकों में स्थित पांच स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की गई। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर पुलिस ने संबंधित स्पा संचालकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया।
CG News : सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा जिन स्पा सेंटरों की जांच की गई, उनमें 36 मॉल स्थित एक्वा स्पा, व्यापार विहार का एसीसी स्पा, भारतीय नगर स्थित दर्शना स्पा, मैग्नेटो मॉल के पास एलिमेंट्स स्पा और महाराणा प्रताप चौक स्थित एक्वा-2 स्पा शामिल हैं। पुलिस टीम ने इन सभी स्पा सेंटरों में सघन जांच करते हुए वहां कार्यरत स्टाफ, ग्राहकों की एंट्री रजिस्टर, पहचान पत्र, लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
CG News : पुलिस जांच में पाया गया कि कुछ स्पा सेंटरों में निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। खासकर स्टाफ की जानकारी, ग्राहकों के रिकॉर्ड और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों में अनियमितताएं पाई गईं। इसके अलावा इन स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों और बाहरी युवकों के लगातार आने-जाने की शिकायतें भी पुलिस को मिल रही थीं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
CG News : इस पूरे अभियान की जानकारी देते हुए सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि सिविल लाइन क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें आ रही थीं। कुछ सेंटरों में युवतियों से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मंगलवार शाम विशेष टीम गठित कर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
CG News : जांच के दौरान अनियमित गतिविधियों के संकेत मिलने पर पुलिस ने चार स्पा सेंटरों के संचालकों को थाना लाकर उनसे पूछताछ की। नियमों की अनदेखी और अनुशासनहीनता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें कान पकड़कर उठक-बैठक कराई और इसके बाद प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा यह सख्त कदम उठाने का उद्देश्य स्पा सेंटरों के संचालन में पारदर्शिता लाना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना बताया गया।
CG News : पुलिस ने जिन स्पा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की, उनमें अविनाश लहरे (33 वर्ष, निवासी उसलापुर), ऋषभ सारथी (20 वर्ष, निवासी उसलापुर), मोहम्मद मोइन खान (33 वर्ष, निवासी टॉप्सिया तिलजला, पश्चिम बंगाल), मनीष जोशी (28 वर्ष, निवासी विद्यानगर) और अमन सेन (23 वर्ष, निवासी महाराणा प्रताप चौक) शामिल हैं।













