CG NEWS: महासमुंद : महासमुंद जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई। एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
CG NEWS: मृतक की पहचान अशोक कुमार विश्वकर्मा (40 वर्ष), निवासी ओंकारबंद के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अशोक कुमार सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही पिकअप वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें बचाया नहीं जा सका।
CG NEWS: घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और मुआवजे व दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। चक्काजाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
CG NEWS: स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार द्वारा मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये की राशि दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
CG NEWS: पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खल्लारी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।













