CG NEWS : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में एक अनोखी प्रेम कहानी का सुखद अंत देखने को मिला, जहाँ थाना परिसर ही विवाह मंडप बन गया और पुलिसकर्मी बाराती बनकर प्रेमी जोड़े का विवाह कराते नज़र आए। मध्यप्रदेश के अनूपपुर की रहने वाली मीरा सिंह और मरवाही क्षेत्र के धूम्माटोला बहरीझोरकी निवासी संजय सिंह एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन परिजनों की असहमति के कारण उनका रिश्ता स्वीकार नहीं किया जा रहा था।
CG NEWS : परिवार के विरोध से परेशान होकर प्रेमी युगल मरवाही थाने पहुँचा और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने दोनों की उम्र और आपसी सहमति की जांच की। दोनों के बालिग होने और अपनी इच्छा से विवाह करने की पुष्टि के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया और उन्हें कानूनी अधिकारों व सामाजिक पहलुओं के बारे में समझाइश दी।
CG NEWS : पुलिस की समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और परिजन विवाह के लिए राजी हो गए। इसके बाद थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर में संजय और मीरा का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी ही बाराती बने और विवाह समारोह के साक्षी रहे।
CG NEWS : अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि पुलिस की पहल का उद्देश्य न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना है, बल्कि सामाजिक समरसता और सहमति के साथ सही निर्णय को प्रोत्साहन देना भी है।











